Ghansyam Sharma / Sun, Mar 29, 2026 / Post views : 184
रायपुर। पत्रिका लुक (भावेश जैन)
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 132वीं कड़ी सुनी और इसे राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देश के कोने-कोने में हो रहे सकारात्मक नवाचारों और जनभागीदारी को राष्ट्रीय मंच प्रदान कर समाज में नई ऊर्जा का संचार करता है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा कोरिया जिले के किसानों के जल संरक्षण प्रयासों की सराहना छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। यह दर्शाता है कि प्रदेश में जमीनी स्तर पर हो रहे कार्य अब राष्ट्रीय पहचान बना रहे हैं। उन्होंने बताया कि ‘आवा पानी झोंकी’ जैसे मॉडल के माध्यम से किसानों ने रिचार्ज तालाब और सोख्ता गड्ढों का निर्माण कर वर्षा जल संरक्षण का सराहनीय कार्य किया है, जिससे भूजल स्तर में सुधार हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जल संरक्षण अब जन आंदोलन बन चुका है और छत्तीसगढ़ में भी इसे जनभागीदारी से जोड़ा जा रहा है। प्रदेशवासियों से उन्होंने जल संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ में मत्स्य उत्पादन, फिटनेस, शुगर इंटेक में कमी और खेलों के विकास जैसे विषयों पर दिए गए संदेश उपयोगी हैं। राज्य में मत्स्य पालन, खेल और स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और युवाओं को नए अवसर मिलेंगे।
पश्चिमी एशिया की परिस्थितियों पर उन्होंने कहा कि देश हर चुनौती के लिए तैयार है। प्रदेश में पेट्रोलियम, रसोई गैस और आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता है। नागरिकों से अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन