Ghansyam Sharma / Wed, Oct 7, 2026 / Post views : 83
नारायणपुर । पत्रिका लुक
माड़ मैत्री अभियान के तहत नारायणपुर पुलिस एवं 29वीं वाहिनी आईटीबीपी ने 6 अक्टूबर को ओरछा क्षेत्र के मंडाली गांव में संयुक्त रूप से पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किया। इसका उद्देश्य अबूझमाड़ के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में पशु स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के साथ ग्रामीणों के साथ समन्वय और विश्वास को मजबूत करना रहा।
शिविर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल (आईपीएस) एवं 29वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमान अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.बी. सिंह के नेतृत्व में टीम ने ग्रामीणों के पशुओं की जांच कर आवश्यक उपचार किया।
शिविर में कुल 72 पशुओं की जांच एवं उपचार किया गया। इनमें 23 गाय, 20 बकरी, 27 मुर्गियां और 2 श्वान शामिल रहे। पशु चिकित्सा टीम ने उपचार के साथ ग्रामीणों को आवश्यक दवाइयां भी वितरित कीं। शिविर में स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
नारायणपुर पुलिस और आईटीबीपी की ओर से बताया गया कि माड़ मैत्री अभियान के माध्यम से अबूझमाड़ के दुर्गम इलाकों में सुरक्षा के साथ जनकल्याण और आवश्यक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने का प्रयास लगातार जारी है। शिविर के आयोजन पर ग्रामीणों ने पुलिस और आईटीबीपी की इस पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन