Ghansyam Sharma / Tue, Apr 21, 2026 / Post views : 71
कोण्डागांव। पत्रीय लुक (सरला यादव)
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के मार्गदर्शन में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा सीबीएसई बोर्ड कक्षा 10वीं परीक्षा में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 40 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना एवं पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीमाल ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सम्मान पाकर विद्यार्थियों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा, वहीं पालक एवं शिक्षक भी गौरवान्वित नजर आए। विद्यार्थियों ने कलेक्टर से वादा किया कि वे कक्षा 12वीं में और बेहतर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि इस सम्मान से उन्हें आगे और मेहनत करने की प्रेरणा मिली है।
कार्यक्रम में जवाहर नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, चावरा हायर सेकेंडरी स्कूल, डीएवी और एकलव्य सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। नवोदय विद्यालय कोण्डागांव की वंदना कश्यप ने 95 प्रतिशत अंक के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। डीएवी बड़ेडोंगर की प्रीति सरकार ने 94.40 प्रतिशत के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं वनशिखा खबास, आर्यन जायसवाल और देवदत्त सोम ने 94 प्रतिशत अंक के साथ संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर, जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन