Ghansyam Sharma / Thu, Mar 26, 2026 / Post views : 131
जगदलपुर। पत्रिका लुक
जगदलपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार, केंद्रीय एजेंसियों और सुरक्षा बलों के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ 31 मार्च 2026 तक सशस्त्र नक्सलवाद से पूर्णतः मुक्त हो जाएगा। उन्होंने इसे केवल प्रशासनिक उपलब्धि नहीं, बल्कि बस्तर क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक और मानवीय पुनर्जागरण का ऐतिहासिक अवसर बताया।
उन्होंने जानकारी दी कि पिछले दो वर्षों में 3 हजार से अधिक नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है, 2 हजार से अधिक गिरफ्तार हुए हैं और लगभग 500 मुठभेड़ों में निष्प्रभावी किए गए हैं। इस तरह कुल 5 हजार से अधिक सशस्त्र कैडर कम हुए हैं, जिससे संगठन की रीढ़ कमजोर हुई है। वर्तमान में केवल 30-40 नक्सली दूरस्थ क्षेत्रों में शेष हैं।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर का 95 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र अब नक्सल प्रभाव से मुक्त हो चुका है। कबीरधाम, राजनांदगांव, गरियाबंद सहित कई जिले पूरी तरह इस समस्या से बाहर आ चुके हैं। उन्होंने इस सफलता का श्रेय सुरक्षा बलों के साहस, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, आदिवासी समाज और पत्रकारों की भूमिका को दिया।
सरकार अब विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। लगभग 400 सुरक्षा कैंपों को चरणबद्ध तरीके से स्कूल, अस्पताल और विकास केंद्रों में बदला जाएगा। बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा और स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संकल्प, अमित शाह की समय-सीमा और मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में यह अभियान आगे बढ़ रहा है। अंत में उन्होंने कहा कि बस्तर अब शांति, विकास और नई संभावनाओं की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जहां जल, जंगल और जमीन पर स्थानीय समुदाय की प्रमुख भूमिका सुनिश्चित होगी।.
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन