Ghansyam Sharma / Wed, May 7, 2025 / Post views : 168
रायपुर। पत्रिका लुक
छत्तीसगढ़ राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण द्वारा संचालित उल्लास कार्यक्रम ने एक बार फिर प्रदेश को राष्ट्रीय गौरव दिलाया है। एनसीईआरटी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर इस कार्यक्रम की उपलब्धियों पर आधारित विशेष प्रस्तुति का प्रसारण हुआ, जिसमें कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं असिस्टेंट डायरेक्टर प्रशांत पांडेय ने सशक्त संवाद प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन एनसीईआरटी की एंकर हरप्रीत कौर ने किया।
प्रशांत पांडेय ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेशभर में साक्षरता को जन-आंदोलन का रूप दिया गया है। रायपुर और दुर्ग में बने साक्षरता चौक, उल्लास रथ, रैली, गीत, शपथ और नारा लेखन जैसे अभिनव प्रयासों ने गांव-गांव में साक्षरता की अलख जगाई है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी इसका सकारात्मक असर दिखा है, जहाँ पूर्व नक्सली अब शिक्षा से जुड़ रहे हैं।
‘कभी भी, कहीं भी पढ़िए’ की अवधारणा के साथ घरों, जंगलों और पहाड़ों तक उल्लास केंद्रों का विस्तार हुआ है। जनप्रतिनिधियों द्वारा उल्लास शपथ दिलाई जा रही है। शिक्षार्थियों को क्यूआर कोड युक्त सामग्री, प्रेरक गीत, समाचार पाठन और हाइब्रिड प्रशिक्षण के ज़रिए पढ़ाया जा रहा है। स्वयंसेवी शिक्षकों को प्रशिक्षित कर उनकी महत्त्वपूर्ण भूमिका को भी सराहा गया है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप विकसित इस कार्यक्रम के तहत 4.60 लाख शिक्षार्थियों ने महा परीक्षा में सफलता पाई है। भारत सरकार के उल्लास पोर्टल पर परीक्षा परिणाम मात्र 15 दिनों में अपलोड कर छत्तीसगढ़ ने नया कीर्तिमान रचा है। सोशल मीडिया, स्थानीय भाषाओं में गीत, अक्षर सम्मेलन और उल्लास मेलों ने इसे एक जन-सांस्कृतिक आंदोलन में बदल दिया है।
सोत्रdprcg
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन