Ghansyam Sharma / Mon, Sep 1, 2025 / Post views : 183
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को दंतेवाड़ा जिले के प्रवास के दौरान जिला कार्यालय के डंकनी सभाकक्ष में बाढ़, आपदा एवं राहत कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस अवसर पर सुकमा, बीजापुर और बस्तर जिलों के कलेक्टर, वरिष्ठ अधिकारी, प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा, वन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप, विधायक चैतराम अटामी तथा जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत 26-27 अगस्त की अतिवृष्टि से जन-धन और अधोसंरचना को भारी क्षति पहुँची है, जो अपूरणीय है। उन्होंने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण भी प्रशासनिक तत्परता से संतुष्ट हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि बाढ़ आपदा से चारों जिलों में लगभग 115 करोड़ रुपये की अधोसंरचना क्षतिग्रस्त हुई है, जिसकी मरम्मत हेतु राज्य शासन हर संभव सहयोग करेगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्थिति सामान्य होने तक राहत एवं स्वास्थ्य शिविर जारी रहें। प्रभावितों को तत्काल राहत राशि, चिकित्सा सुविधा और दवाइयाँ उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को मलेरिया, टायफाइड और जलजनित रोगों की रोकथाम हेतु डोर-टू-डोर सर्वे और पेयजल स्रोतों की क्लोरीनेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में संभागायुक्त डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी, दंतेवाड़ा कलेक्टर कुणाल दुदावत, सुकमा कलेक्टर देवेश ध्रुव, बीजापुर कलेक्टर संबित मिश्रा और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन