Ghansyam Sharma / Thu, May 1, 2025 / Post views : 168
रायपुर । पत्रिका लुक
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दृष्टि एवं श्रवण बाधित बच्चों के लिए एक नई पहल करते हुए आज अपने निवास परिसर से दो विशेष बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये बसें रायपुर और बिलासपुर स्थित शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत डे-स्कॉलर बच्चों को प्रतिदिन उनके घर से स्कूल और स्कूल से घर तक निःशुल्क पहुंचाएंगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह पहल केवल परिवहन सुविधा नहीं, बल्कि विशेष बच्चों के लिए सम्मानजनक, सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा, “हर बच्चे को शिक्षा का अधिकार है और हमारी सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी बच्चा शारीरिक बाधा के कारण शिक्षा से वंचित न रहे।” मुख्यमंत्री ने बताया कि यह सेवा विशेष रूप से उन परिवारों के लिए उपयोगी होगी, जिनमें दोनों अभिभावक कार्यरत हैं और बच्चों की आवाजाही को लेकर चिंतित रहते हैं। इस सुविधा से बच्चों के आत्मविश्वास में वृद्धि होगी और उनकी शिक्षा की निरंतरता भी बनी रहेगी।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक भूलन सिंह मरावी, समाज कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती रोक्तिमा यादव सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। गौरतलब है कि रायपुर और बिलासपुर में संचालित शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधित विद्यालयों में सैकड़ों बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, जिन्हें अब इस सेवा से प्रतिदिन सुरक्षित और सहज यात्रा का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने संकेत दिया कि आने वाले समय में राज्य के अन्य जिलों में भी ऐसी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
सोत्र dprcg
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन