Ghansyam Sharma / Mon, Jun 1, 2026 / Post views : 88
कोंडागांव। पत्रिका लुक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को जिले के बड़ेकनेरा पहुंचे, जहां उन्होंने सुशासन तिहार के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल होकर आम जनता से संवाद किया। कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने ग्राम बकोदागुड़ा स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
शिविर में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा हितग्राहियों से चर्चा कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पत्ते के दोने में परोसे गए पारंपरिक माड़िया पेज का स्वाद लिया और इसकी सराहना करते हुए इसे बस्तर की समृद्ध संस्कृति और पौष्टिक आहार का प्रतीक बताया।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्रफल की दृष्टि से केरल राज्य से भी बड़ा बस्तर क्षेत्र नक्सलवाद के कारण पिछले लगभग 50 वर्षों तक विकास से वंचित रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति, सुरक्षा बलों के जवानों के साहस तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से अब बस्तर में शांति और विकास का नया दौर शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के प्रभाव में कमी आने के साथ ही बस्तर में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने जिले में 152 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। साथ ही नारंगी नदी में स्टॉप डेम सह पुलिया निर्माण एवं तट संरक्षण कार्य के लिए 2 करोड़ रुपये की घोषणा की। उन्होंने केशकाल-विश्रामपुरी-माकड़ी-अमरावती तक 53 किलोमीटर सड़क निर्माण, बड़े कनेरा से बड़ेबेंद्री, चिपावंड और मुलमुला तक सड़क निर्माण, बड़े कनेरा में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, कोसारटेडा बांध में पर्यटन विकास, विश्रामपुरी में गोंडवाना भवन तथा केशकाल में नवीन सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा बायकापदर स्थित शिव मंदिर के जीर्णोद्धार की भी घोषणा की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को चेक, स्वीकृति पत्र एवं आवश्यक सामग्री वितरित कर लाभान्वित किया। उन्होंने हितग्राहियों से संवाद कर योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली तथा अधिकारियों को पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर कोंडागांव विधायक लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, भाजपा जिला अध्यक्ष सेवकराम नेताम, मनोज जैन, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, दीपेश अरोरा सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री की घोषणाओं और विकास कार्यों की सौगात से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल देखा गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन