Ghansyam Sharma / Thu, Oct 9, 2025 / Post views : 537
रायपुर। पत्रिका लुक ( भावेश जैन)
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज बेमेतरा जिले के लिए 140 करोड़ 96 लाख रुपये के 47 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 27 कार्यों का भूमिपूजन और 20 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के विश्वास पर खरा उतरना ही हमारी प्राथमिकता है। सरकार चहुंमुखी और समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शासन का लक्ष्य पारदर्शिता और गति के साथ विकास कार्यों को धरातल पर उतारना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और नगरीय सुविधाओं के क्षेत्र में तेज़ी से कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्राम अमोरा में शिवनाथ नदी पर बैराज निर्माण, सिंघोरा में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र की स्थापना तथा ग्राम बसनी में मिडिल स्कूल प्रारंभ करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगे विभागीय प्रदर्शनों का भी अवलोकन किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांवों को आत्मनिर्भर बनाने और किसानों को सशक्त करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। किसानों को दो वर्षों का बोनस दिया गया है और 18 लाख आवासहीन परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल रहा है। महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को प्रति माह 1000 रुपये की सहायता दी जा रही है। तेंदूपत्ता संग्राहकों से 5500 रुपये प्रति बोरा की दर से खरीदी की जा रही है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरकार गांव, गरीब, किसान और महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता दे रही है। खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि पारदर्शी पीडीएस प्रणाली से कोई परिवार भूखा नहीं रहेगा। सांसद विजय बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनता से किए गए वादे पूरे हो रहे हैं। विधायक दीपेश साहू ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन