Ghansyam Sharma / Tue, Apr 22, 2025 / Post views : 144
रायपुर। पत्रिका लुक
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज मंत्रालय (महानदी भवन) में लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में सड़कों, पुल-पुलियों और भवन निर्माण कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निर्माण कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करें।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख सड़कों पर तेज और सुरक्षित यातायात की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने खराब सड़कों की पहचान और त्वरित मरम्मत के लिए एआई और आधुनिक तकनीकों के उपयोग का निर्देश दिया। आगामी पांच वर्षों की कार्ययोजना को ध्यान में रखते हुए उन्होंने सड़कों और वृहद पुलों के कार्यों को भू-अर्जन के बाद 18–24 महीनों में पूर्ण करने को कहा।
उन्होंने शहरों के निकट बाइपास और रिंग रोड में ओवरब्रिज और अंडरब्रिज के निर्माण कर उन्हें एक्सप्रेसवे की तर्ज पर विकसित करने के निर्देश दिए। भारतमाला परियोजना के अंतर्गत रायपुर–विशाखापट्नम एक्सप्रेसवे से रायपुर–जगदलपुर मार्ग को जोड़ने हेतु उच्च गुणवत्ता की कनेक्टिंग सड़कों के निर्माण का भी आदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्ति और एनएचएआई के साथ बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने आगामी तीन वर्षों में 30,000 करोड़ रुपए के सड़क विकास कार्यों को पूरा करने का लक्ष्य तय किया है।
बैठक में उप मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों ने बताया कि नया विधानसभा भवन 95% पूर्ण हो चुका है और नए राजभवन का 60% कार्य पूरा हो गया है। चालू वित्तीय वर्ष में सड़क सुरक्षा के लिए 106 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है, जिसमें ब्लैक स्पॉट्स और जंक्शनों के सुधार को प्राथमिकता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने बस्तर क्षेत्र में सड़कों के विस्तार पर विशेष ध्यान देते हुए कहा कि इससे वनांचल के लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने विश्राम गृहों और सर्किट हाउसों को आधुनिक जरूरतों के अनुरूप अपग्रेड करने के भी निर्देश दिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन