Ghansyam Sharma / Fri, Apr 11, 2025 / Post views : 184
मुख्यमंत्री ने 10 हितग्राहियों को सौंपी पीएम आवास की चाबी
धमतरी। पत्रिका लुक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज धमतरी जिले के रांकाडीह में आयोजित कंवर पैकरा समाज के वार्षिक महासभा और नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने समाज के गौरवशाली इतिहास की सराहना करते हुए जनप्रतिनिधियों को नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में जीत के लिए बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने गहिरा गुरु बाबा के समाजहित में किए गए कार्यों को प्रेरणास्रोत बताते हुए समाज के लोगों से नशामुक्त जीवन अपनाने और विकास में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि कंवर एवं पैकरा समाज ने हमेशा राज्य और समाज के उत्थान में अहम योगदान दिया है।
जनकल्याणकारी योजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को प्राथमिकता देते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं को तेजी से लागू कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जिले में
21,875 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रतीकात्मक रूप से 10 हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपी। धान खरीदी को लेकर उन्होंने कहा कि किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा गया है और बोनस की अंतर राशि भी एक सप्ताह के भीतर किसानों को प्रदान कर दी गई है। साथ ही, दो वर्षों के लंबित बोनस का भुगतान भी किया गया।
महिलाओं और किसानों को लाभ
मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की 70 लाख महिलाओं को 1000 रुपये प्रतिमाह सहायता दी जा रही है। जल्द ही नवविवाहित और अन्य पात्र महिलाओं को भी इस योजना से जोड़ा जाएगा। तेन्दूपत्ता संग्रहण दर को बढ़ाकर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है।
अधिकार अभिलेख और स्टार्टअप को प्रोत्साहन
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 25 हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख (स्वामित्व कार्ड) वितरित किए। उन्होंने बताया कि इस अभियान में धमतरी जिला पूरे राज्य में प्रथम स्थान पर है। अब तक जिले के 143 ग्रामों में 17,354 कार्ड तैयार किए गए हैं।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने स्टार्टअप “हेमल फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड” की संस्थापक श्रीमती जयंती सिदार को अनुसूचित जनजाति वेंचर कैपिटल फंड से 3.41 करोड़ रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया। यह राशि उन्हें आईएफसीआई वेंचर कैपिटल फंड्स द्वारा दी गई है।
इस अवसर पर कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग, कंवर समाज के प्रदेश अध्यक्ष हरिवंश सिंह मिरी, अध्यक्ष विश्राम दाउ, पूर्व विधायक श्रीमती पिंकी धुव एवं श्रवण मरकाम सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।
सोत्र dprcg
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन