Ghansyam Sharma / Fri, May 30, 2025 / Post views : 175
कोंडागांव । पत्रिका लुक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को शिल्पनगरी कोंडागांव के अपने दौरे के दौरान शबरी एंपोरियम का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बस्तर की समृद्ध आदिवासी संस्कृति को प्रतिबिंबित करने वाली बेलमेटल, रॉट आयरन, बांस और काष्ठ शिल्प की सुंदर कलाकृतियों का अवलोकन किया तथा इन शिल्पों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री ने एंपोरियम में मौजूद शिल्पकारों से भी मुलाकात की और उनसे बेलमेटल व अन्य शिल्पों की निर्माण प्रक्रिया, पारंपरिक तकनीकों एवं इनके बाजार से जुड़े पहलुओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। शिल्पकारों ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री को बेलमेटल से बनी एक सुंदर कलाकृति भेंट स्वरूप प्रदान की, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया।
मुख्यमंत्री साय ने इस मौके पर कहा कि बस्तर की पारंपरिक शिल्पकला न केवल छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है, बल्कि इसमें विश्वस्तरीय पहचान पाने की पूरी संभावना है। राज्य सरकार शिल्पकारों के उत्थान और उनके उत्पादों के बेहतर विपणन के लिए हरसंभव सहायता प्रदान करेगी।
इस कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, सचिव डॉ. बसव राजू, कमिश्नर डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी., कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक वाय अक्षय कुमार, पूर्व विधायक सेवकराम नेताम सहित कई जनप्रतिनिधि एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन