Ghansyam Sharma / Fri, Oct 10, 2025 / Post views : 176
रायपुर। पत्रिका लुक ( भावेश जैन)
राज्यपाल रमेन डेका से आज राजभवन में शासकीय उच्च प्राथमिक शाला मड़ानार, जिला कोण्डागांव के शिक्षक और विद्यार्थियों ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान विद्यालय परिवार की ओर से राज्यपाल को काष्ठ कला (लकड़ी की नक्काशी) से निर्मित सुंदर पोट्रेट भेंट किया गया।
विद्यालय के शिक्षक शिवचरण साहू ने राज्यपाल को बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विद्यालय में विद्यार्थियों को पारंपरिक काष्ठ कला का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे वे न केवल कलात्मक मूर्तियाँ बल्कि दैनिक उपयोग की कई उपयोगी वस्तुएँ भी तैयार कर रहे हैं। इस पहल से ग्रामीण अंचल के बच्चों में आत्मनिर्भरता और कौशल विकास की भावना को बढ़ावा मिल रहा है।
राज्यपाल डेका ने विद्यालय की इस अभिनव पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की और कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों को जीवनोपयोगी कौशल सिखाने का भी माध्यम बननी चाहिए। उन्होंने बच्चों की कला और लगन की सराहना करते हुए प्रशिक्षण को और सुदृढ़ करने के लिए 50 हजार रुपए की अनुदान राशि देने की घोषणा की।
इस अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला मड़ानार की प्रधानपाठिका श्रीमती हिना साहू, शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित थे। राज्यपाल ने बच्चों को आगे भी इसी तरह सृजनशील बने रहने और अपनी प्रतिभा से प्रदेश का नाम रोशन करने का आशीर्वाद दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन