Ghansyam Sharma / Wed, Dec 17, 2025 / Post views : 233
स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप, कलेक्टर ने गठित की जांच टीम, पूर्व विधायक ने FIR की मांग की
सुकमा। पत्रिका लुक
सुकमा जिला स्वास्थ्य विभाग में महिला उत्पीड़न के गंभीर आरोप सामने आने के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. आर.के. सिंह पर एक महिला चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपी है।
शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर देवेश ध्रुव ने तत्काल जांच टीम का गठन कर दिया है। जांच टीम ने पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
पीड़िता का आरोप है कि वह पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र किस्टाराम में पदस्थ थी, लेकिन 21 अगस्त को अचानक उसका स्थानांतरण सीएमएचओ कार्यालय कर दिया गया। इसके बाद उसे कार्यालयीन कार्य के बजाय सीएमएचओ के निजी आवास में भोजन बनाने की ड्यूटी दी गई। महिला कर्मचारी के अनुसार, इसी दौरान सीएमएचओ द्वारा उसके साथ आपत्तिजनक व्यवहार किया गया।
वहीं दूसरी ओर, इस पूरे मामले पर सीएमएचओ डॉ. आर.के. सिंह ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि उनके ऊपर लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं। डॉ. सिंह का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी और “दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा।
मामले के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप की स्थिति है। वहीं राजनीतिक स्तर पर भी प्रतिक्रिया तेज हो गई है। जिले के पूर्व विधायक ने प्रकरण को गंभीर बताते हुए सीधे एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कानूनी व विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन