Ghansyam Sharma / Thu, Feb 12, 2026 / Post views : 242
कोण्डागांव।पत्रिका लुक (सरला यादव)
कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने बुधवार को कनेरा रोड स्थित नागरिक आपूर्ति निगम के गोदाम का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोदाम में चावल के भंडारण की स्थिति, गुणवत्ता और रखरखाव का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने स्टॉक रजिस्टर की जांच करते हुए आवक-जावक का ब्योरा भी देखा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले के सभी शासकीय उचित मूल्य दुकानों में चावल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पीडीएस दुकानों तक राशन सामग्री पहुंचाने के लिए परिवहन व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखा जाए, जिससे किसी भी हितग्राही को राशन लेने में परेशानी न हो।
उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि गोदाम से दुकानों तक चावल पहुंचाने की समय-सीमा का कड़ाई से पालन किया जाए। विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों में राशन की उपलब्धता समय पर हो, इसके लिए आपूर्ति श्रृंखला को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, एसडीएम अजय उरांव, तहसीलदार मनोज रावटे सहित नागरिक आपूर्ति निगम के क्षेत्रीय अधिकारी और अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित थे।
गौरतलब है कि जिले में राशन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुगम बनाने के लिए कलेक्टर द्वारा समय-समय पर इस तरह के निरीक्षण किए जा रहे हैं, ताकि पात्र हितग्राहियों तक लाभ सुनिश्चित रूप से पहुंचे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन