Ghansyam Sharma / Wed, May 21, 2025 / Post views : 188
कलेक्टर ने बंधापारा आंगनबाड़ी में बच्चों से की मुलाकात
कुपोषण मुक्त कोंडागांव अभियान के तहत 69 अधिकारियों को सौंपे गए बच्चों की जिम्मेदारी
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
कोण्डागांव को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक अनूठी पहल शुरू की है। जिले की कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के नेतृत्व में 69 मध्यम कुपोषित बच्चों की निगरानी का जिम्मा जिले के विभिन्न अधिकारियों को सौंपा गया है।
सुबह के समय कलेक्टर बंधापारा आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचीं, जहां उन्होंने लव्यांश नामक बच्चे से मुलाकात की और वजन व ऊंचाई की जानकारी ली। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने वजन सामान्य से कम बताया। कलेक्टर ने बच्चे की मां से चर्चा कर नियमित पोषण आहार देने और हर सप्ताह वजन जांच कराने की सलाह दी।
बुनियादी सुविधाओं पर भी ध्यान
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आंगनबाड़ी भवन की मरम्मत, वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली लगाने और पोषण वाटिका विकसित करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान यूनीसेफ के विशेषज्ञ भी मौजूद रहे।
अधिकारियों की व्यापक भागीदारी
इसी क्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई ने शीतला पारा-1 आंगनबाड़ी केंद्र का दौरा कर पुष्कर देवांगन से उनके घर में मुलाकात की और परिजनों को पोषण संबंधी समझाइश दी।
अन्य अधिकारियों की सहभागिता
एसडीएम श्री अजय उरांव, तहसीलदार श्री मनोज रावटे, समाज कल्याण, उद्यानिकी, पशुपालन, शिक्षा, श्रम, खेल, सांख्यिकी, पीएमजीएसवाई, पीडब्ल्यूडी व क्रेडा विभाग के अधिकारियों ने भी अपने-अपने गोद लिए बच्चों से संपर्क कर जागरूकता अभियान चलाया।
निगरानी व्यवस्था होगी सघन
प्रत्येक अधिकारी अब नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण करेंगे, पोषण आहार की गुणवत्ता, चिकित्सकीय सुविधा, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सेवाओं की पूर्ति सुनिश्चित करेंगे। इस प्रयास का उद्देश्य मध्यम कुपोषित बच्चों को सुपोषित श्रेणी में लाना है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन