Ghansyam Sharma / Thu, Mar 26, 2026 / Post views : 229
दंतेवाड़ा । पत्रिका लुक
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गुरुवार को दंतेवाड़ा स्थित पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण कर वहां रह रहे युवाओं से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने इलेक्ट्रिकल टूल किट एवं वेलकम किट का वितरण किया। नवरात्रि के अंतिम दिन दंतेवाड़ा पहुंचकर उन्होंने मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण ले रहे युवाओं से चर्चा कर उनकी जरूरतों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली। युवाओं ने बताया कि वे प्रशिक्षण के बाद अपने गांव लौटकर खेती-किसानी करना चाहते हैं। इस पर उपमुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि इच्छुक युवाओं को कृषि प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
उन्होंने कहा कि पुनर्वास नीति का उद्देश्य युवाओं को मुख्यधारा से जोड़कर सम्मानजनक जीवन देना है। साथ ही उन्होंने युवाओं से अपने साथियों को भी पुनर्वास के लिए प्रेरित करने की अपील की। केंद्र की सुविधाओं, भोजन व्यवस्था और प्रशिक्षण गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। युवाओं द्वारा स्वयं भोजन बनाने की इच्छा पर उन्हें अनुमति दी गई।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी युवाओं को ड्राइविंग प्रशिक्षण दिया जाए और केंद्र से बाहर जाने से पहले उनके ड्राइविंग लाइसेंस भी बनवाए जाएं। वर्तमान में केंद्र में 107 युवा प्रशिक्षण ले रहे हैं, जिन्हें इलेक्ट्रिकल, वेल्डिंग, प्लंबिंग, सिलाई और ड्राइविंग जैसे रोजगारपरक कौशल सिखाए जा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन