Ghansyam Sharma / Mon, Apr 20, 2026 / Post views : 51
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
महिला आरक्षण के मुद्दे पर देशभर में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इसी क्रम में कांग्रेस नेता मोहन मरकाम ने प्रेसवार्ता आयोजित कर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि “नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023” संसद से पारित होकर कानून बन चुका है, लेकिन इसके बावजूद इसे लागू करने में जानबूझकर देरी की जा रही है।
मरकाम ने कहा कि भाजपा सरकार महिला आरक्षण को लेकर जनता के बीच भ्रम की स्थिति पैदा कर रही है। उनका आरोप है कि सरकार ने इस कानून को जनगणना और परिसीमन की प्रक्रिया से जोड़ दिया है, जिससे इसके क्रियान्वयन में अनिश्चितता बनी हुई है। उन्होंने इसे राजनीतिक लाभ लेने की रणनीति करार देते हुए कहा कि यदि सरकार की मंशा स्पष्ट होती, तो अब तक इसे लागू किया जा चुका होता।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से महिला आरक्षण की पक्षधर रही है और संसद व विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग लगातार उठाती रही है। महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने से लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा तथा निर्णय प्रक्रिया में संतुलन आएगा।
प्रेसवार्ता में उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी एक स्वर में महिला आरक्षण को जल्द लागू करने की मांग की। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि वह बिना किसी देरी के इस कानून को लागू करे, ताकि देश की आधी आबादी को उनका अधिकार मिल सके और वे राजनीति में प्रभावी भागीदारी निभा सकें।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन