Ghansyam Sharma / Wed, Oct 8, 2025 / Post views : 182
एआईसीसी पर्यवेक्षक ओड़िशा सांसद सप्तगिरी उल्का करेंगे कार्यकर्ताओं से रायशुमारी
कोण्डागांव।पत्रिका लुक
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान के तहत अब छत्तीसगढ़ में भी गतिविधियां शुरू हो गई हैं। गुजरात, मध्यप्रदेश और झारखंड के बाद अब यह अभियान प्रदेशभर में जारी है।
एआईसीसी द्वारा छत्तीसगढ़ के लिए 17 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। कोंडागांव जिले के पर्यवेक्षक के रूप में ओड़िशा के सांसद सप्तगिरी उल्का को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि पीसीसी उपाध्यक्ष प्रेमचंद जायसी को सह प्रभारी बनाया गया है।
इनकी मौजूदगी में 11 अक्टूबर को जिले के विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठकें होंगी।
केशकाल के मंगल भवन हर्रापड़ाव में केशकाल, बड़े राजपुर और धनोरा ब्लॉक के कार्यकर्ताओं की बैठक होगी।
फरसगांव रेस्ट हाउस में फरसगांव ब्लॉक की बैठक रखी गई है।
कोंडागांव ऑडिटोरियम हॉल में कोंडागांव, माकड़ी और मर्दापाल ब्लॉक के कार्यकर्ता शामिल होंगे।
बैठकों में जिलाध्यक्ष चयन के लिए कार्यकर्ताओं से रायशुमारी की जाएगी। इसके साथ ही पर्यवेक्षक जिले के विभिन्न संगठनों, सामाजिक प्रतिनिधियों और स्थानीय पत्रकारों से भी चर्चा करेंगे।
पर्यवेक्षक अपनी रिपोर्ट एआईसीसी को सौंपेंगे, जिसके आधार पर प्रदेश के सभी जिलाध्यक्षों की सूची एक साथ जारी की जाएगी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी संगठन को नए कलेवर में तैयार कर रही है। पार्टी का कहना है कि संगठन सृजन अभियान के ज़रिए जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी और आने वाले दिनों में इसका असर प्रदेश की राजनीति में साफ़ दिखाई देगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन