Ghansyam Sharma / Sat, Jan 10, 2026 / Post views : 235
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
कोंडागांव में कांग्रेस पार्टी ने प्रेसवार्ता के साथ मनरेगा बचाओ संग्राम की शुरुआत की। एआईसीसी एवं पीसीसी के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में पीसीसी से नियुक्त प्रभारी एवं जगदलपुर के पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने पत्रकारों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार द्वारा मनरेगा में किए जा रहे प्रस्तावित बदलाव ग्रामीण मजदूरों के काम के संवैधानिक अधिकार पर सीधा हमला हैं और इससे करोड़ों परिवारों की रोज़ी-रोटी संकट में पड़ जाएगी।
रेखचंद जैन ने कहा कि पहले मनरेगा के तहत प्रत्येक ग्रामीण परिवार को कानूनी रूप से काम की गारंटी थी और काम मांगने पर 15 दिनों के भीतर रोजगार उपलब्ध कराना अनिवार्य था, लेकिन अब सरकार इसे अपनी मर्जी से लागू करने की दिशा में ले जा रही है। इससे यह अधिकार समाप्त होकर केवल सरकारी अनुदान जैसी योजना बनकर रह जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मजदूरी की गारंटी भी कमजोर की जा रही है, न तो न्यूनतम मजदूरी सुनिश्चित रहेगी और न ही समय पर भुगतान की गारंटी होगी, जिससे मजदूरों का शोषण बढ़ेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि नए बदलावों से ग्राम पंचायतों की शक्तियाँ छीनी जा रही हैं। पहले ग्राम सभाओं और पंचायतों को विकास कार्यों की योजना बनाने और मजदूरों को रोजगार देने का अधिकार था, लेकिन अब सभी निर्णय दिल्ली से लिए जाएंगे। ठेकेदारों की एंट्री से मनरेगा का मूल उद्देश्य खत्म हो जाएगा और स्थानीय रोजगार की अवधारणा कमजोर होगी। साथ ही मजदूरी भुगतान का आर्थिक बोझ राज्य सरकारों पर डालकर केंद्र सरकार राज्यों को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।
रेखचंद जैन ने कहा कि मनरेगा पिछले 20 वर्षों से ग्रामीण भारत की जीवनरेखा रही है। कोविड-19 महामारी के दौरान जब लाखों प्रवासी मजदूर बेरोजगार हुए, तब मनरेगा ने करोड़ों परिवारों को रोजगार दिया। बावजूद इसके, बजट में बढ़ोतरी न करना, भुगतान में देरी और डिजिटल प्रक्रियाओं के नाम पर मजदूरों को योजना से बाहर करना सरकार की नीयत को उजागर करता है।
कांग्रेस पार्टी ने मनरेगा में किए गए बदलावों की तत्काल वापसी, काम की गारंटी, मजदूरी की गारंटी और जवाबदेही तय करने की मांग की। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रवि घोष, पूर्व विधायक संतराम नेताम, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मतलाम, पूर्व जिलाध्यक्ष झूमूकलाल दीवान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन