Ghansyam Sharma / Sat, Dec 20, 2025 / Post views : 242
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
कांकेर जिले के बाद अब कोंडागांव जिले में भी कथित मतांतरण को लेकर विवाद सामने आया है। माकड़ी विकासखंड अंतर्गत ग्राम कांटा में कुछ बाहरी व्यक्तियों द्वारा स्थानीय आदिवासी परिवारों को प्रलोभन देकर मतांतरण कराने के प्रयास का आरोप लगाया गया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
ग्रामीणों के अनुसार दो पुरुष व दो महिला चारों के द्वारा इस तरह की गतिविधि संचालित किए जाने की बात कही जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए आरोपित व्यक्तियों को थाने लाकर पूछताछ की। आरोपितों का कहना है कि उन्हें संबंधित परिवार ने अपने घर बुलाया था, जबकि परिवार के सदस्यों ने इस दावे से इनकार किया है।
घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं आदिवासी समाज के लोग भी मौके पर पहुंचे। हालांकि पुलिस व राजस्व अधिकारियों द्वारा स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से संभाल लिया गया और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
इसी बीच 21 दिसंबर 2025 को ईसाई समाज द्वारा प्रस्तावित रैली को लेकर भी विवाद गहराता नजर आ रहा है। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं आदिवासी समाज के लोगों का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों में इस तरह की रैली से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, सामाजिक शांति और सौहार्द बिगड़ सकता है। इस संबंध में संगठनों ने अनुविभागीय दंडाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए कथित मतांतरण मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई, प्रस्तावित रैली को अनुमति न देने तथा सार्वजनिक स्थलों पर लगे धार्मिक प्रचार-प्रसार से जुड़े पोस्टरों को हटाने की मांग की है।
प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कर आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन