Ghansyam Sharma / Thu, Dec 18, 2025 / Post views : 249
कांकेर/आमाबेड़ा। पत्रिका लुक( नरेंद्र सेठिया)
जिले के केशकाल ब्लॉक अंतर्गत हीरागांव से लगे कांकेर जिले अंतर्गत आने वाला आमाबेड़ा गांव में मतांतरण किए गए एक व्यक्ति के शव दफनाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। शव के अंतिम संस्कार को लेकर धार्मिक परंपराओं के पालन पर सहमति नहीं बन पाई, जिससे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और गांव में तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया।
बताया गया कि विवाद बढ़ने पर आक्रोशित लोगों ने गांव स्थित चर्च को नुकसान पहुंचाया और उसे तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थिति को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा।
लाठीचार्ज के दौरान एडिशनल एसपी सहित कुछ लोगों को हल्की चोटें आने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए भीड़ को तितर-बितर किया और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल की। एहतियातन गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
प्रशासन ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने, अफवाहों से बचने और कानून हाथ में न लेने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन