Ghansyam Sharma / Tue, Sep 2, 2025 / Post views : 185
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई) के राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं केरल से राज्यसभा सांसद पी. संतोष कुमार बुधवार को कोंडागांव पहुंचेंगे। उनका यह जिला दौरा संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए यह अवसर विशेष उत्साह और उमंग से भरा है, क्योंकि वे पहली बार कोंडागांव जिले में आ रहे हैं।
जिला परिषद सचिव शैलेष ने जानकारी दी कि सांसद कुमार बुधवार दोपहर कोंडागांव पहुंचने के बाद स्थानीय विश्राम गृह में रात्रि विश्राम करेंगे। गुरुवार सुबह वे पार्टी के जिला परिषद सदस्यों एवं स्थानीय नेतृत्व के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान संगठन को और अधिक मजबूत करने के लिए गतिविधियों की समीक्षा तथा आगामी रणनीति पर चर्चा होगी।
बैठक के उपरांत सांसद जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे, जिसमें विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों पर विचार-विमर्श होने की संभावना है। इसके साथ ही वे स्थानीय पत्रकारों को भी संबोधित करेंगे, जहां वे राष्ट्रीय और क्षेत्रीय स्तर पर पार्टी की नीतियों तथा दृष्टिकोण पर प्रकाश डालेंगे।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने सांसद के स्वागत की विशेष तैयारी की है। जिला मुख्यालय आने से पहले घोड़ागांव से कोंडागांव तक एक विशाल मोटरसाइकिल रैली निकाली जाएगी, जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है। यह रैली उनके स्वागत के साथ-साथ पार्टी की शक्ति प्रदर्शन का प्रतीक भी होगी।
गुरुवार दोपहर कार्यक्रमों के पश्चात सांसद नारायणपुर जिले के लिए रवाना होंगे। बताया जा रहा है कि उनके इस दौरे से बस्तर संभाग में सीपीआई कार्यकर्ताओं को नया उत्साह और संगठनात्मक मजबूती मिलने की संभावना है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन