Ghansyam Sharma / Sat, Jan 17, 2026 / Post views : 251
कोण्डागांव । पत्रिका लुक
नारायणपुर विधानसभा एवं कोण्डागांव जिले के मर्दापाल तहसील क्षेत्र अंतर्गत आने वाले गांवों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई) जिला परिषद कोण्डागांव द्वारा महामहिम राज्यपाल छत्तीसगढ़ के नाम संबोधित ज्ञापन मर्दापाल तहसीलदार को सौंपा गया। शनिवार को मर्दापाल साप्ताहिक बाजार के दिन ग्राम पंचायत परिसर के समीप मैदान से तहसील कार्यालय तक नारेबाजी करते हुए रैली निकाली गई, जिसके पश्चात ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि आदिवासी बहुल बस्तर संभाग के कोण्डागांव जिले एवं नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला मर्दापाल तहसील क्षेत्र संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में शामिल है। दुर्गम एवं पहुंचविहीन होने के कारण यहां विकास कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं, जिससे यह क्षेत्र सामाजिक एवं आर्थिक रूप से पिछड़ा हुआ है। कई गांवों में आज भी पात्र आदिवासियों को वनाधिकार पट्टे नहीं मिले हैं, वहीं अनेक पारा-मोहल्लों तक बिजली नहीं पहुंच सकी है। शिक्षा, संसाधन और रोजगार के अवसरों की भी भारी कमी बनी हुई है।
सीपीआई ने प्रमुख मांगों में वर्ष 2008 से अब तक वनाधिकार पत्र से वंचित सभी पात्र हितग्राहियों को शीघ्र पट्टा प्रदान करने, ग्रामीण विद्युतीकरण योजना से वंचित सभी गांवों एवं घरों में बिजली पहुंचाने, शिक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा 10वीं-12वीं तक पढ़े स्थानीय शिक्षित बेरोजगारों को तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी की नियुक्तियों में प्राथमिकता देने की मांग की है। इसके अलावा क्षेत्र के गौण एवं अन्य खनिजों का उत्खनन केवल स्थानीय सहकारी समितियों या सार्वजनिक उपक्रमों के माध्यम से कराने तथा चिटफंड कंपनियों में फंसी आम जनता की राशि वापस दिलाने की भी मांग की गई।
सीपीआई ने चेतावनी दी कि पूर्व में भी कई बार ज्ञापन सौंपे जाने के बावजूद यदि शासन-प्रशासन ने गंभीरता नहीं दिखाई, तो पार्टी को जनसमर्थन के साथ व्यापक जनआंदोलन चलाने के लिए बाध्य होना पड़ेगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस दौरान सीपीआई राज्य परिषद के सह सचिव फुलसिंह कचलाम, जिला सचिव शैलेश, नारायणपुर जिला सचिव चैतराम कोमरा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन