Ghansyam Sharma / Thu, Apr 2, 2026 / Post views : 192
रायपुर। पत्रिका लुक
सशस्त्र नक्सलवाद की समाप्ति के ऐतिहासिक संकल्प की पूर्ति के उपलक्ष्य में कबीरधाम जिले के सिद्ध खेड़ापति हनुमान महाराज मंदिर प्रांगण में श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ हनुमंत भंडारा आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान खेड़ापति हनुमान के दर्शन-पूजन कर प्रदेश में शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की तथा प्रसाद ग्रहण किया।
भंडारे में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की धर्मपत्नी रश्मि शर्मा और उनके पुत्र अभिनव शर्मा ने स्वयं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। कार्यक्रम में कबीरधाम पुलिस अधीक्षक धमेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल, डीएसपी भूपत सिंह, अंजु कुमारी, कृष्णा चंद्राकर, आशीष शुक्ला और कोतवाली थाना प्रभारी योगेश कश्यप सहित अन्य अधिकारियों ने भी सहभागिता निभाई।
उल्लेखनीय है कि 31 मार्च 2026 की समय-सीमा तक बस्तर सहित छत्तीसगढ़ से सशस्त्र नक्सलवाद के समाप्त होने की उपलब्धि हासिल होने पर यह आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश में स्थापित शांति, सुरक्षा और विकास के नए दौर के लिए ईश्वर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
ज्ञात हो कि पिछले चार दशकों से छत्तीसगढ़, विशेषकर बस्तर क्षेत्र, नक्सलवाद की चुनौती से जूझता रहा है। इस दौरान कई नागरिकों और सुरक्षा बलों के जवानों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। केंद्र और राज्य सरकार की रणनीति तथा सुरक्षा बलों के प्रयासों से यह सफलता संभव हो सकी है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनसमुदाय ने सुरक्षा बलों के साहस और बलिदान को नमन किया। पूरे आयोजन में भक्ति और उत्साह का माहौल रहा, जहां बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने सामाजिक एकता और सौहार्द का संदेश दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन