Ghansyam Sharma / Sat, Nov 8, 2025 / Post views : 181
कौशल प्रशिक्षण से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के दिए निर्देश
रायपुर। पत्रिका लुक
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने शनिवार शाम कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर विकासखंड के सुदूर वनांचल ग्राम मुल्ला स्थित पुनर्वास केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने माओवाद की राह छोड़कर मुख्यधारा में लौटे युवाओं से मुलाकात की और उनके लिए संचालित कौशल विकास प्रशिक्षण की जानकारी ली। शर्मा ने युवाओं की शिक्षा, आजीविका और परिवार से संपर्क की स्थिति जानी तथा अधिकारियों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि युवाओं को प्रतिदिन कम से कम दो व्यावसायिक पाठ्यक्रमों का प्रशिक्षण दिया जाए, जिससे वे बहु-कौशल विकसित कर आत्मनिर्भर बन सकें। उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड और स्वास्थ्य परीक्षण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि परिवार की सहमति से पुनर्वास केंद्र में सामूहिक विवाह की व्यवस्था की जा सकती है, जिससे ये युवा सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें।
उपमुख्यमंत्री शर्मा ने युवाओं को विधानसभा सत्र के दौरान रायपुर भ्रमण कराने और उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था की कार्यप्रणाली से अवगत कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यधारा में लौटे युवाओं का मनोबल बढ़ाना शासन की प्राथमिकता है।
ग्राम मुल्ला के पुनर्वास केंद्र में वर्तमान में कुल 66 प्रशिक्षु प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जिनमें 52 पुनर्वासित युवक और 14 प्रभावित परिवारों के सदस्य शामिल हैं। इन्हें काष्ठ शिल्प, राज मिस्त्री और इलेक्ट्रिशियन जैसे trades में प्रशिक्षित किया जा रहा है ताकि वे स्वावलंबी बनकर अपने परिवार और समाज के आर्थिक विकास में योगदान दे सकें।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इंदिरा कल्याण एलेसेला, जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी, एसडीएम जी.डी. वाहिले, डिप्टी कलेक्टर राहुल रजक और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन