Ghansyam Sharma / Mon, Aug 3, 2026 / Post views : 60
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शासन द्वारा सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ग्राम कोकोड़ी, जनपद पंचायत कोण्डागांव निवासी दिव्यांग विनय नेताम को समाज कल्याण विभाग द्वारा बैटरी चलित ट्राइसाइकिल प्रदान की गई है। इससे उनके आवागमन की समस्या दूर होने के साथ व्यवसाय को आगे बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
विनय 60 प्रतिशत दिव्यांग हैं। बचपन में करीब 5-6 वर्ष की उम्र में माता-पिता का निधन होने के बाद उनका पालन-पोषण दादी ने किया। वर्तमान में चाचा-चाची उनका सहारा हैं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद विनय ने पढ़ाई जारी रखी और 10वीं कक्षा उत्तीर्ण की। उन्होंने 12वीं की परीक्षा ओपन स्कूल से दी।
आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण विनय ने रोजगार की दिशा में कदम बढ़ाया। मोबाइल से एग रोल और मोमोज बनाने की विधि सीखकर बहन के सहयोग से कोण्डागांव में छोटा ठेला शुरू किया। मेहनत के दम पर वे प्रतिदिन करीब एक हजार रुपये तक की आय अर्जित कर रहे हैं।
ठेले के लिए सामग्री खरीदने कोण्डागांव आने-जाने में उन्हें परेशानी होती थी और दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। अब बैटरी चलित ट्राइसाइकिल मिलने से आवागमन आसान हो गया है। विनय ने शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह ट्राइसाइकिल उनके लिए आत्मनिर्भरता की राह में नई रफ्तार लेकर आई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन