Ghansyam Sharma / Fri, Jan 9, 2026 / Post views : 232
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
नगर पालिका परिषद कोण्डागांव की सामान्य सभा शुक्रवार दोपहर 2:30 बजे सभा कक्ष में आयोजित हुई, जिसमें शहर के विकास और सौंदर्यीकरण से जुड़े करोड़ों रुपये के प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से मुहर लगी। बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल ने की, जबकि उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, समस्त पार्षदगण, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री दिनेश डे एवं अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
सभा में शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए एक के बाद एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। खेल प्रतिभाओं को मंच देने की दिशा में अधोसंरचना मद के अंतर्गत 1.95 करोड़ रुपये की लागत से मिनी स्टेडियम निर्माण को स्वीकृति दी गई। वहीं स्वच्छ भारत मिशन के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 1 करोड़ 7 लाख रुपये का प्रावधान किया गया।
जल संरक्षण और सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर देते हुए राम मंदिर तालाब एवं बाँध तालाब के आसपास रेलिंग लगाने, व्यापक सफाई व जीर्णोद्धार तथा 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत 1 करोड़ 73 लाख रुपये के पेयजल व स्वच्छता कार्यों को मंजूरी दी गई। इसके अलावा शहर से निकलने वाले गंदे पानी के उपचार हेतु 12 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) की डीपीआर शासन को भेजने का निर्णय लिया गया।
सभा में 1 करोड़ 40 लाख रुपये के अन्य अधोसंरचनात्मक प्रस्ताव भी पारित हुए। नगर पालिका प्रशासन ने कहा कि इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से कोण्डागांव स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक शहर के रूप में नई पहचान बनाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन