Ghansyam Sharma / Fri, Feb 27, 2026 / Post views : 216
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
छत्तीसगढ़ सरकार के संकल्प सीजी बजट 2026–27 में कोंडागांव विधानसभा क्षेत्र को बड़ी विकास सौगात मिली है। कोंडागांव की विधायक एवं भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेंडी के निरंतर प्रयासों और विकास के प्रति प्रतिबद्धता के कारण विधानसभा क्षेत्र के लिए 200 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का प्रावधान किया गया है।
लोक निर्माण विभाग अंतर्गत लगभग 140 करोड़ रुपये की लागत से 22 विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 18 सड़कों का निर्माण शामिल है। विशेष रूप से कोंडागांव राष्ट्रीय राजमार्ग के नारायणपुर रोड से बाईपास को जोड़ने हेतु नारंगी नदी पर पुल एवं सड़क निर्माण को मंजूरी दी गई है, जिससे यातायात व्यवस्था सुगम होगी। इसके साथ ही सेतु संभाग अंतर्गत 4 बड़े पुलों के निर्माण कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं।
जल संसाधन विभाग द्वारा सिंचाई क्षमता बढ़ाने हेतु 8 कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनकी कुल लागत 35.5 करोड़ रुपये है। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत 2 नई सड़कों के निर्माण एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी 12 किलोमीटर सड़क के सुदृढ़ीकरण हेतु 8.59 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
नगर पालिका क्षेत्र में नकटीमुंडा तालाब के सौंदर्यीकरण हेतु 3 करोड़ रुपये तथा शिक्षा विभाग अंतर्गत 7 नवीन शाला भवनों के निर्माण के लिए 3.65 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में बहुप्रतीक्षित शासकीय जीएनएम नर्सिंग हॉस्टल के निर्माण हेतु 11 करोड़ रुपये का प्रावधान है। इस अवसर पर लता उसेंडी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार व्यक्त किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन