Ghansyam Sharma / Wed, Apr 1, 2026 / Post views : 136
रायपुर। पत्रिका लुक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज उनके निवास कार्यालय में केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे ने सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर विधायक पुरन्दर मिश्रा, भारतीय खेल प्राधिकरण के उप महानिदेशक मयंक श्रीवास्तव तथा खेल विभाग के सचिव यशवंत कुमार उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने खडसे का शॉल, बस्तर आर्ट से निर्मित आकर्षक प्रतिकृति और बस्तर दशहरा पर आधारित कॉफी टेबल बुक भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित अवसर, संसाधन और सशक्त मंच उपलब्ध कराने की है। राज्य सरकार खेल एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि हाल ही में आयोजित बस्तर एवं सरगुजा ओलंपिक ने प्रदेश को नई पहचान दिलाई है। इन आयोजनों के माध्यम से कई छिपी प्रतिभाएं सामने आई हैं, जिससे युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है।
सरकार द्वारा बेहतर प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर खिलाड़ियों के कौशल को और विकसित किया जा रहा है। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी को प्रदेश के लिए गौरव बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे आदिवासी अंचलों के युवाओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।
उन्होंने बस्तर पंडुम का उल्लेख करते हुए बताया कि इस आयोजन में पारंपरिक खेल, गायन, वादन, वेशभूषा और व्यंजन सहित 12 विधाओं में लगभग 54 हजार प्रतिभागियों की भागीदारी प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक और खेल विरासत को दर्शाती है।
उल्लेखनीय है कि खडसे ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ प्रवास पर हैं। जगदलपुर में आयोजित इस कार्यक्रम को उन्होंने आदिवासी सशक्तिकरण और खेलों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बताया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन