Ghansyam Sharma / Sun, Jun 21, 2026 / Post views : 73
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून रविवार सुबह शासकीय आदर्श आवासीय कन्या महाविद्यालय परिसर में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला प्रशासन के सहयोग से आयुष विभाग एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांकेर सांसद भोजराज नाग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित कर स्वस्थ जीवन का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को साकार करने के लिए स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज का निर्माण आवश्यक है। उन्होंने जैविक खेती को भी स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण आधार बताया।
बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं केशकाल विधायक लता उसेण्डी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और बेहतर जीवन का माध्यम है। नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने कहा कि भागदौड़ भरी जीवनशैली में प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन योग के लिए समय निकालना चाहिए।
कार्यक्रम में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम "योगा फॉर हेल्दी एजिंग" के अनुरूप सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। समापन अवसर पर सांसद भोजराज नाग ने सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज निर्माण की शपथ दिलाई। साथ ही अतिथियों ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया।
इस अवसर पर विधायक लता उसेण्डी, कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा, नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेण्डी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष टोमेन्द्र ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, अपर कलेक्टर चित्रकांत चार्ली ठाकुर, एसडीएम अजय उरांव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन