Ghansyam Sharma / Mon, Dec 15, 2025 / Post views : 229
कोण्डागांव । पत्रिका लुक सरला यादव)
जगदलपुर में 11 दिसंबर से आयोजित संभाग स्तरीय बस्तर ओलंपिक का समापन 13 दिसंबर 2025 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में कोण्डागांव जिले की कृतिका मरकाम एवं सुशीला नेताम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया और उन्हें यूथ आइकन घोषित किया गया।
वरिष्ठ खेल अधिकारी ने बताया कि संभाग स्तरीय बस्तर ओलंपिक में कोण्डागांव जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 51 पदक अर्जित किए, जिनमें 16 स्वर्ण, 14 रजत एवं 21 कांस्य पदक शामिल हैं।
आर्चरी में सुशीला, एथलेटिक्स में कृतिका का शानदार प्रदर्शन
जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक में प्रथम स्थान प्राप्त कर संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सुशीला नेताम ने आर्चरी की 50 मीटर एवं 30 मीटर स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने नेशनल गेम्स में भी तृतीय स्थान प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया।
वहीं ग्राम पीढ़ापाल, माकड़ी विकासखंड की निवासी कृतिका मरकाम पिछले तीन वर्षों से एथलेटिक्स में निरंतर अभ्यास कर रही हैं। उन्होंने बस्तर ओलंपिक के जूनियर एथलेटिक्स वर्ग में 100 मीटर, 200 मीटर एवं 4x100 मीटर रिले स्पर्धा में छह जिलों के खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए तीनों प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
बस्तर ओलंपिक का आयोजन जिले के दूरस्थ अंचलों की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर भी उपलब्ध करा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन