Ghansyam Sharma / Wed, Jan 14, 2026 / Post views : 235
कोण्डागांव। पत्रिका लुक (सरला यादव)
नगरीय प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार नगर पालिका क्षेत्र में शत-प्रतिशत राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रत्येक बुधवार को विशेष वसूली अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में 14 जनवरी को कोण्डागांव के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) दिनेश डे ने राजस्व वसूली टीम के साथ स्वयं डोर-टू-डोर वसूली अभियान का नेतृत्व किया।
अभियान के दौरान सीएमओ डे द्वारा घर-घर जाकर समेकित कर, संपत्ति कर एवं जल शुल्क की वसूली की गई। साथ ही दुकानों से किराया एवं प्रीमियम की वसूली भी की गई। उन्होंने बताया कि बड़े बकायादारों एवं दुकानदारों की सूची तैयार कर लक्ष्यबद्ध रूप से वसूली अभियान चलाया जा रहा है। जिन दुकानों का किराया एवं प्रीमियम लंबे समय से बकाया है, उनके विरुद्ध दुकान निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की जा रही है।
सीएमओ ने नगरवासियों से अपील की कि वे समस्त करों का भुगतान समय-सीमा के भीतर परिषद कोष में जमा करें। साथ ही घरों एवं दुकानों से निकलने वाले कचरे को स्वच्छता दीदियों को सौंपें तथा डोर-टू-डोर यूजर चार्ज का भुगतान भी सुनिश्चित करें।
उन्होंने जानकारी दी कि कोण्डागांव नगर की कुल कर डिमांड लगभग 4 करोड़ रुपये है, जिसमें डोर-टू-डोर यूजर चार्ज एवं अन्य मदों की राशि भी शामिल है। इसके अतिरिक्त वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए सभी मकान मालिकों एवं दुकानदारों को कर बिल वितरित कर दिए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन