Ghansyam Sharma / Sat, Nov 8, 2025 / Post views : 176
हितग्राहियों को नहीं बांटी गई दवाई और खाद, रखे-रखे हो गए खराब
कोंडागांव। पत्रिका लुक
जिले के ग्राम मुनगापदर में कृषि विभाग की लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है। शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत किसानों को बांटने के लिए आई जैविक खाद और दवाइयां विभागीय लापरवाही के कारण महीनों से गोदाम में पड़ी हुई हैं। समय पर हितग्राहियों को वितरण न किए जाने से यह सारी सामग्री अब खराब होने लगी है।
ग्राम मुनगापदर के जागरूक युवक पीला सिंह पोयाम ने इस मामले का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिसके बाद यह मामला ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। ग्रामीणों ने बताया कि शासन किसानों की आय बढ़ाने और फसल उत्पादन सुधारने के लिए हर साल लाखों रुपये की सामग्री भेजता है, लेकिन विभागीय अधिकारियों की उदासीनता और गैरजिम्मेदारी के कारण किसान इसका लाभ नहीं उठा पाते।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कई बार वे कृषि विभाग के कार्यालय का चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन अधिकारी और कर्मचारी टालमटोल करते रहते हैं। समय पर दवाई और खाद नहीं मिलने से किसानों की फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
मामले में जब उपसंचालक कृषि, कोंडागांव टी.पी. टांडे से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। ग्रामीणों ने मांग की है कि जिला प्रशासन इस पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में किसानों को सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन