Ghansyam Sharma / Wed, Dec 17, 2025 / Post views : 232
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
जिले के माकड़ी विकासखंड अंतर्गत धान खरीदी केंद्र बवई में अव्यवस्थाओं को लेकर किसानों का आक्रोश बुधवार को सड़क पर दिखाई दिया। धान बिक्री के लिए टोकन नहीं कटने और खरीदी की सीमित व्यवस्था से नाराज किसानों ने चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों का कहना है कि टोकन नहीं मिलने के कारण उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और धान खुले में रखने को मजबूर हैं।
किसानों ने बताया कि बवई धान उपार्जन केंद्र जिले का सबसे बड़ा केंद्र माना जाता है। पिछले वर्ष इसी केंद्र में 70 हजार क्विंटल से अधिक धान की खरीदी हुई थी, जबकि इस वर्ष एक माह बीत जाने के बाद भी अब तक 15 हजार क्विंटल से भी कम धान खरीदा जा सका है। धीमी गति से हो रही खरीदी और टोकन व्यवस्था में खामियों के कारण किसानों में असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है।
चक्का जाम की सूचना मिलते ही माकड़ी थाना प्रभारी और तहसीलदार मौके पर पहुंचे तथा किसानों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया, लेकिन किसान खरीदी लिमिट बढ़ाने और नियमित टोकन जारी करने की मांग पर अड़े रहे।
किसानों ने आरोप लगाया कि इतने बड़े धान खरीदी केंद्र होने के बावजूद अब तक कलेक्टर द्वारा क्षेत्र का दौरा नहीं किया गया। किसानों का कहना है कि वे पहले भी ज्ञापन सौंपकर लिमिट बढ़ाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। किसानों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा। स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक अमला मामले को शांतिपूर्वक सुलझाने में जुटा हुआ है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन