Bhavesh Jain / Fri, Mar 13, 2026 / Post views : 210
रायपुर। पत्रिका लुक (भावेश जैन)
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित दूसरे छत्तीसगढ़ हरित शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ देश की अर्थव्यवस्था का पावर इंजन है और अब राज्य ग्रीन इकोनॉमी के क्षेत्र में भी अपनी भूमिका लगातार मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन के माध्यम से पॉलिसी मेकिंग से जुड़े लोग, उद्योग जगत, शैक्षणिक संस्थान, शोधकर्ता और पर्यावरणविद एक मंच पर आकर महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु संकट बढ़ रहा है, इसलिए पर्यावरण संरक्षण के उपायों को केवल विचार तक सीमित न रखकर व्यवहार में भी लागू करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास के साथ विरासत के संरक्षण पर भी जोर दिया जा रहा है और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली हमारी पुरानी परंपरा रही है।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ स्टील उत्पादन का बड़ा केंद्र है और इस क्षेत्र में कार्बन फुटप्रिंट कम करने के लिए ग्रीन स्टील जैसे नवाचार अपनाए जा रहे हैं। भारतीय वन सर्वेक्षण रिपोर्ट 2023 के अनुसार संयुक्त वन एवं वृक्ष आवरण वृद्धि के मामले में छत्तीसगढ़ ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सोलर रूफटॉप योजना, बायो-एथेनॉल जैसे क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है। कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञ, प्रोफेसर, स्कॉलर और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन