Ghansyam Sharma / Wed, Apr 15, 2026 / Post views : 179
कोण्डागांव । पत्रिका लुक ( सरला यादव)
कोण्डागांव में वर्ष 2026 की द्वितीय अण्डर ट्रायल रिव्यू कमेटी की बैठक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष खिलावन राम रीगरी की अध्यक्षता में न्यास सदन भवन में आयोजित की गई। बैठक में कोण्डागांव एवं नारायणपुर जिले के प्रशासनिक, पुलिस, जेल एवं विधिक सेवा से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य जेलों में निरुद्ध विचाराधीन बंदियों के मामलों की विस्तृत समीक्षा करना था। इस दौरान उन प्रकरणों पर विशेष ध्यान दिया गया, जो लंबे समय से लंबित हैं तथा जिनमें बंदियों को विधिक सहायता या त्वरित सुनवाई की आवश्यकता है। समिति द्वारा दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 436A सहित अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत पात्र बंदियों को राहत प्रदान करने पर चर्चा की गई।
बैठक में निर्देश दिए गए कि पात्र बंदियों को जमानत, रिहाई अथवा अन्य वैधानिक लाभ दिलाने हेतु शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया, ताकि उन्हें न्याय प्रक्रिया में उचित प्रतिनिधित्व मिल सके।
समिति ने अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि ऐसी समीक्षा बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी, जिससे विचाराधीन बंदियों के अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित हो सके और न्याय प्रक्रिया को गति मिल सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन