Ghansyam Sharma / Tue, Mar 24, 2026 / Post views : 330
दुःखद घटना
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
बनियागांव के बलारी नाला में हाथ बोर खुदाई के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान सुखराम पोयाम (36 वर्ष), पिता बुधराम पोयाम, निवासी माझीपारा के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसान सुखराम पोयम अपने खेत में सिंचाई के लिए पानी की व्यवस्था करने हेतु हाथ बोर खुदाई कर रहा था। इसी दौरान उसने करीब 8 से 10 फीट गहरा गड्ढा खोदा था। खुदाई के समय अचानक गड्ढे की रेत धंस गई, जिससे वह पूरी तरह उसमें दब गया और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।
घटना होते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की मदद से गड्ढे में दबे युवक को बाहर निकाला गया। गंभीर अवस्था में उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि किसान अपने खेत में पानी की समस्या से जूझ रहा था, जिसके चलते वह स्वयं ही हाथ बोर खुदाई कर रहा था। हादसा अचानक होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन