Ghansyam Sharma / Wed, Jan 14, 2026 / Post views : 251
कोण्डागांव । पत्रिका लुक
बनियागांव धान खरीदी केंद्र में धान का उठाव नहीं होने और धान खरीदी बंद रहने से परेशान किसानों ने मंगलवार को नेशनल हाइवे-30 पर चक्का जाम कर दिया। लंबे समय से धान का उठाव नहीं होने के कारण खरीदी प्रभावित है, जिससे किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आक्रोशित लगभग 30 किसानों ने धान से भरे 4 से अधिक ट्रैक्टर हाईवे के बीच खड़े कर आवागमन बाधित कर दिया। चक्का जाम के चलते करीब 2 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर कोंडागांव सिटी कोतवाली थाना पुलिस एवं तहसीलदार मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। किसानों ने प्रशासन को बताया कि समय पर धान का उठाव नहीं होने से उनका धान केंद्र में ही पड़ा है और खरीदी बंद होने से उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है।
प्रशासन द्वारा शीघ्र धान उठाव शुरू कराने का आश्वासन दिए जाने के बाद लगभग आधे घंटे पश्चात किसानों ने चक्का जाम समाप्त किया। यह पूरा मामला कोंडागांव सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बनियागांव का है।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे पुनः आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन