Ghansyam Sharma / Fri, Dec 5, 2025 / Post views : 164
…
केशकाल। पत्रिका लुक (नरेंद्र सेठिया)
धान खरीदी केंद्रों में अव्यवस्थाओं और धीमी प्रक्रिया से परेशान किसानों ने शुक्रवार को तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर त्वरित सुधार की मांग की। आम आदमी पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी संतोष नाग ने बताया कि जिले के विभिन्न धान उपार्जन केंद्रों में किसानों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी खरीदी प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। ज्ञापन में कहा गया है कि पंजीकृत किसानों के टोकन समय पर जारी नहीं किए जा रहे हैं, जबकि अपंजीकृत व्यक्तियों और बिचौलियों की खरीदी जारी है। इससे पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। किसान नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि कई केंद्रों में जानबूझकर सर्वर डाउन होने का बहाना बनाकर खरीदी में देरी की जाती है, जिससे किसानों को घंटों और कई बार दिनों तक प्रतीक्षा करनी पड़ती है।

समस्या सूची में किसानों ने दैनिक खरीदी क्षमता बढ़ाकर 2,000 से 5,000 क्विंटल प्रतिदिन करने, लंबित एग्रीटेक सत्यापन जल्द पूरा कराने तथा सभी उपार्जन केंद्रों में प्रशिक्षित कंप्यूटर ऑपरेटरों की नियुक्ति की मांग भी शामिल की है। किसानों का कहना है कि इन अव्यवस्थाओं की वजह से उन्हें बार-बार केंद्रों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की है कि सभी शिकायतों की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। संतोष नाग ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो जिले भर के किसान मिलकर राष्ट्रीय राजमार्ग NH-30 पर बड़ा चक्का जाम करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह शासन-प्रशासन की होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन