Ghansyam Sharma / Wed, Feb 18, 2026 / Post views : 255
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित जवाहर नवोदय विद्यालय विकास नगर कोण्डागांव में ‘फुटबॉल फॉर स्कूल्स (F4S)’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्राचार्य श्री बी.डी. चेलक के मार्गदर्शन में जिले के 546 विद्यालयों को बच्चों की दर्ज संख्या के अनुसार कुल 1999 फुटबॉल वितरित किए जा रहे हैं।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली शिक्षा प्रणाली में फुटबॉल को एकीकृत कर बच्चों में टीमवर्क, अनुशासन, आत्मविश्वास जैसे महत्वपूर्ण जीवन कौशल विकसित करना है। यह कार्यक्रम FIFA और UNESCO के सहयोग से संचालित एक वैश्विक पहल है, जो शिक्षा के साथ खेल को जोड़कर बच्चों के सर्वांगीण विकास, जीवन कौशल और सशक्तिकरण को बढ़ावा देती है।
यह पहल 4 से 14 वर्ष आयु वर्ग के लड़के-लड़कियों के लिए सुलभ है, जिसमें खेल-खेल में गतिविधियों के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
कार्यक्रम का आयोजन 12 फरवरी को किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि श्री नरपति पटेल (अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद) रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री कुलवंत सिंह चहल (अध्यक्ष, शहर भाजपा नगर मंडल कोण्डागांव), बीआरसी मालती ध्रुव, वरिष्ठ व्यायाम शिक्षक श्री बी. जॉन, जी. रामेश्वर राव, व्याख्याता गोविंद नायडू एवं शिवचरण साहू उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि श्री नरपति पटेल ने अपने उद्बोधन में जीवन में खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं ‘फुटबॉल फॉर स्कूल्स (F4S)’ कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी शारीरिक शिक्षा अध्यापक श्री समीर देवांगन द्वारा दी गई। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ शिक्षक श्री आदीप मिश्र ने अतिथियों एवं विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन