Ghansyam Sharma / Tue, Sep 22, 2026 / Post views : 34
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, जनसमस्याओं के निराकरण और विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ गतिविधियों के बेहतर आयोजन के लिए अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बुधवार को प्रस्तावित वृक्षारोपण, जिला स्तरीय शिविर सहित अन्य गतिविधियों के सुचारू आयोजन पर भी जोर दिया।
कलेक्टर ने ‘बस्तर मुन्ने’ पोर्टल पर विभागीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की अद्यतन जानकारी अनिवार्य रूप से दर्ज करने को कहा। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सेवा सेतु और सीपीग्राम में प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिले के संस्थानों और कोचिंग सेंटरों में फायर सेफ्टी समेत अन्य सुरक्षा मानकों की जांच कराकर निर्धारित मापदंडों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। अधिकारियों को आईगॉट कर्मयोगी पोर्टल पर प्रतिमाह कम से कम एक ऑनलाइन कोर्स पूरा करने के निर्देश भी दिए।
खाद्य विभाग को उचित मूल्य दुकानों तक राशन सामग्री समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए। अमृत मिशन के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ स्वास्थ्य केंद्रों, महतारी सदन, पंजीयन कार्यालय सहित अन्य निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने को कहा गया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में टीबी जांच बढ़ाने, चिन्हांकित मरीजों को बेहतर उपचार देने और शेष नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाने के निर्देश दिए। रोजगार अधिकारी को प्रतिमाह रोजगार मेला आयोजित करने को कहा गया।
बैठक में एग्रीस्टैक, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास, प्रधानमंत्री सूर्य घर, श्रम पंजीयन और प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना की भी समीक्षा की गई।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, अपर कलेक्टर एवं एसडीएम कोण्डागांव अजय उरांव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन