Ghansyam Sharma / Tue, Sep 22, 2026 / Post views : 46
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
राज्य स्तरीय राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) पुरस्कार वर्ष 2025-26 के लिए कोण्डागांव जिले के पांच स्वयंसेवकों एवं पदाधिकारियों का चयन किया गया है। राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस एवं राज्य स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह 24 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय सभागार, जीई रोड रायपुर में आयोजित होगा।
जिला संगठक स्तर पर रासेयो जिला संगठक शशिभूषण कन्नौजे को राज्य स्तरीय सम्मान मिलेगा। संस्था स्तर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पारोंड के अमर सिंह पूरामें का चयन किया गया है।
स्वयंसेवक स्तर पर महाविद्यालय वर्ग से शासकीय गुण्डाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय की डॉली ठाकुर और शासकीय आदर्श आवासीय कन्या महाविद्यालय की दीपाली नेताम को सम्मानित किया जाएगा। विद्यालय वर्ग से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अड़ेंगा की नेहा मंडावी का चयन हुआ है।
चयनित स्वयंसेवकों एवं पदाधिकारियों ने रक्तदान, स्वच्छता जागरूकता, वृक्षारोपण, यातायात सुरक्षा, नशामुक्ति, स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता सहित सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में योगदान दिया है। इसी आधार पर उन्हें राज्य स्तरीय सम्मान के लिए चुना गया है। जिले में इस उपलब्धि से शिक्षा जगत और युवा वर्ग में भी उत्साह है।
इस उपलब्धि पर शहीद महेन्द्र कर्मा विश्वविद्यालय बस्तर के रासेयो कार्यक्रम समन्वयक डॉ. संजीवन कुमार तथा शासकीय गुण्डाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम ने चयनितों को बधाई दी।
कोण्डागांव जिले के स्वयंसेवकों एवं पदाधिकारियों को पूर्व वर्षों में भी राज्य स्तरीय रासेयो पुरस्कार मिलते रहे हैं। वर्ष 2020-21 से 2024-25 तक अजीत सिन्हा, देवेंद्र सेठिया, मुकेश पोयाम, सलीना नेताम, देवेश शोरी, रितेश कुमार सेठिया, रयतू कश्यप एवं अमर सिंह पूरामें सहित अन्य सम्मानित हुए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन