Ghansyam Sharma / Wed, Oct 8, 2025 / Post views : 164
रायपुर। पत्रिका लुक (भवेश जैन)
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सभागार में उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रयोगशाला तकनीशियन के पद पर चयनित 233 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि पारदर्शी और विश्वसनीय भर्ती प्रक्रिया से युवाओं का भविष्य सुरक्षित हुआ है। पिछले 20 महीनों में विभिन्न विभागों में 10 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि आने वाले समय में उच्च शिक्षा विभाग में 700 सहायक प्राध्यापक और स्कूल शिक्षा विभाग में 5000 शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि पहली बार इतनी बड़ी संख्या में एक साथ नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा रहे हैं, जो विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त तकनीशियनों को निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने नई औद्योगिक नीति लागू की है, जिसके माध्यम से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं। अब तक लगभग ₹7 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से कई परियोजनाओं पर काम प्रारंभ हो चुका है। इन उद्योगों से राज्य के लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलेगा।
उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में पिछले 20 महीनों में छत्तीसगढ़ के हर क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन हुआ है। पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ भर्ती प्रक्रियाएं पूर्ण की जा रही हैं। उन्होंने नवचयनित तकनीशियनों को बधाई देते हुए कहा कि वे अपने महाविद्यालयों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। तीन माह में तीन चरणों में काउंसलिंग प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूर्ण करना विभाग की सराहनीय उपलब्धि है। कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा मंत्री खुशवंत साहेब, कुलपति डॉ. सच्चिदानंद शुक्ला, सचिव डॉ. एस. भारतीदासन तथा अधिकारी व नवनियुक्त तकनीशियन उपस्थित थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन