Ghansyam Sharma / Thu, May 8, 2025 / Post views : 192
छत्तीसगढ़ में ‘सुशासन तिहार’ से जनता को राहत, 40 लाख से अधिक आवेदन सुलझाए गए
रायपुर। पत्रिका लुक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में ‘सुशासन तिहार’ अभियान पूरे उत्साह के साथ चल रहा है, जिसका उद्देश्य आम जनता की शिकायतों और मांगों का त्वरित समाधान करना है। तीसरे चरण में शासन-प्रशासन गांवों और कस्बों में जाकर समस्याएं सुन रहा है। मुख्यमंत्री स्वयं हेलीकॉप्टर से दौरे कर योजनाओं का जायजा ले रहे हैं और समाधान शिविरों में पहुंचकर जनता से सीधा संवाद कर रहे हैं।
अब तक इस अभियान में 40 लाख 95 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से अधिकांश का समाधान हो चुका है। धमतरी जिला 99.38% समाधान दर के साथ पहले स्थान पर है। 14 जिलों ने 90% से अधिक आवेदनों का निराकरण किया है, जबकि कई जिलों ने 80-90% समाधान दर हासिल की है। सुकमा, कोरबा, बलरामपुर और मनेंद्रगढ़ जैसे जिलों में समाधान दर अपेक्षाकृत कम है, लेकिन प्रयास लगातार जारी हैं।
रायपुर जिले को सर्वाधिक 3 लाख 764 आवेदन प्राप्त हुए हैं। सबसे अधिक आवेदन प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े रहे, जिनमें से 94.70% का समाधान किया गया है। उज्ज्वला योजना, राशन कार्ड, सड़क, पेयजल और स्वच्छता से संबंधित समस्याओं पर भी त्वरित कार्रवाई की गई है।
विभागीय स्तर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को सबसे अधिक 25.77 लाख आवेदन प्राप्त हुए। महिला एवं बाल विकास विभाग ने सबसे तेज गति से समाधान कर पहला स्थान पाया, जबकि श्रम, उद्योग, पशुपालन और खाद्य विभाग भी अग्रणी रहे।
‘सुशासन तिहार’ ने शासन को जनता के करीब लाकर एक नई परंपरा की शुरुआत की है, जहां सरकार गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुलझा रही है। यह पहल जनविश्वास, समाधान और सेवा की भावना को साकार करती है।
Sotradprcg
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन