Ghansyam Sharma / Sun, Dec 14, 2025 / Post views : 257
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
जिला मुख्यालय स्थित चौपाटी मैदान में रविवार दोपहर में जिला स्तरीय कलार समाज युवक–युवती परिचय सम्मेलन का भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन किया गया। सम्मेलन में कोण्डागांव जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाजजन, युवक–युवतियां एवं वरिष्ठजन शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर दिनभर उत्साह, उमंग और सामाजिक समरसता का माहौल बना रहा।

सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर सांसद महेश कश्यप उपस्थित रहे। उनके कोण्डागांव आगमन पर कलार समाज के पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने आतिशबाजी कर तथा फूलमालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन कर की गई, जिसके बाद समाज की प्रगति एवं एकता को लेकर वक्ताओं ने अपने विचार रखे।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल एवं उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मंच पर समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि सांसद महेश कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के युवक–युवती परिचय सम्मेलन सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक कुरीतियों को दूर करने, सही मार्गदर्शन देने और पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में सहायक होते हैं। सांसद कश्यप ने कलार समाज की संगठित सोच और अनुशासित आयोजन की सराहना करते हुए आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।परिचय सम्मेलन के दौरान युवक–युवतियों का परिचय ससम्मान कराया गया, जिसे समाजजनों ने सकारात्मक पहल बताया। कार्यक्रम के सफल आयोजन से कलार समाज में खासा उत्साह देखने को मिला और समाजजनों ने इसे आने वाली पीढ़ी के लिए उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन