Ghansyam Sharma / Tue, Dec 16, 2025 / Post views : 236
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
सतनाम धर्म के प्रवर्तक, सामाजिक समरसता और मानव समानता के महान संदेशवाहक परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी की 269वीं जन्म जयंती के अवसर पर सर्व सतनामी समाज कोंडागांव द्वारा भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर गांधी वार्ड स्थित सतनाम भवन से कोंडागांव चौपाटी मैदान तक विशाल शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें समाज के लोगों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया।
शोभा यात्रा में समाज के संरक्षक, जिला अध्यक्ष, पदाधिकारीगण सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चे शामिल हुए। पारंपरिक वेशभूषा में सजे युवक-युवतियों के दल द्वारा प्रस्तुत पंथी नृत्य ने नगरवासियों का मन मोह लिया। ढोल-मांदर की थाप पर नृत्य करते कलाकारों ने बाबा गुरु घासीदास जी की शिक्षाओं को जीवंत कर दिया। यात्रा के दौरान “मैखे-मैखे एक समान” के गगनभेदी नारों से पूरा नगर गूंज उठा, जिससे वातावरण भक्तिमय बन गया।
शोभा यात्रा में शामिल जैतखंभ की भव्य झांकी आकर्षण का केंद्र रही, जिसे देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन के पश्चात आयोजन स्थल पर युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस सम्मेलन का उद्देश्य सामाजिक एकता को मजबूत करना और युवाओं को आपसी परिचय का मंच प्रदान करना रहा।
पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, एकता और भाईचारे का उत्कृष्ट उदाहरण देखने को मिला। बाबा गुरु घासीदास जी के विचारों को आत्मसात करते हुए समाज ने समानता, सद्भाव और सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन