Ghansyam Sharma / Thu, Oct 30, 2025 / Post views : 210
कलार समाज के नवनिर्मित भवन का हुआ लोकार्पण, समाजहित में कई घोषणाएँ
केशकाल। पत्रिका लुक (नरेंद्र सेडिया)
भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन जयंती के अवसर पर डड़सेना कलार समाज द्वारा फरसगांव में गुरुवार को भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल शामिल हुए। उनके आगमन पर बस्तर की पारंपरिक मांदरी नृत्य से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया, जिससे पूरा समारोह सांस्कृतिक रंगों से सराबोर हो गया। मंत्री जायसवाल ने सर्वप्रथम कलार समाज के नवनिर्मित सामाजिक भवन का लोकार्पण किया। इसके बाद समाजजनों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि “समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। जब हम एक दिशा में मिलकर चलते हैं, तब विकास अपने आप संभव होता है।” उन्होंने राज्य सरकार की प्राथमिकताओं का उल्लेख करते हुए बताया कि शहरी ही नहीं, बल्कि ग्रामीण अंचलों में भी स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने सरकार निरंतर प्रयासरत है। सभी सामुदायिक, प्राथमिक और उप-स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की सौ प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। जहां डॉक्टरों की कमी है, वहां शीघ्र नियुक्ति की जाएगी। साथ ही एम्बुलेंस सेवा को सुदृढ़ करने के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है और जल्द ही प्रत्येक केंद्र में नई एम्बुलेंस उपलब्ध कराई जाएगी।
मंत्री जायसवाल ने कलार समाज के उत्थान के लिए कई घोषणाएं कीं। उन्होंने समाजिक भवनों के निर्माण हेतु राशि स्वीकृत करने का आश्वासन दिया तथा युवाओं से शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ लेकर समाज को आत्मनिर्भर बनाना समय की मांग है। इस अवसर पर केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, पूर्व विधायक सेवकराम नेताम, समाज के अध्यक्ष पुरुषोत्तम गजेंद्र, स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के हजारों की संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोज और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ।
वीडियो ---
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन