Ghansyam Sharma / Mon, Dec 15, 2025 / Post views : 230
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
बस्तर संभाग में CRMC (नक्सल क्षेत्र प्रोत्साहन राशि) के पिछले 12 माह से लंबित भुगतान को लेकर आज स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित रहीं। संभाग के सभी जिलों—नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, कोंडागांव और बस्तर (जगदलपुर)—में जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) और उप-स्वास्थ्य केंद्र (SHC) की OPD सेवाएं पूरी तरह बंद रहीं। इसके कारण दूर-दराज़ इलाकों से आए मरीजों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
डॉक्टरों, स्टाफ नर्सों, RMA और ANM ने एकजुट होकर सरकार की उपेक्षा के खिलाफ नारेबाज़ी की और लंबित CRMC राशि के तत्काल भुगतान की मांग की। स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि उन्होंने जनता के हित में 12 महीनों तक धैर्य रखा, लेकिन बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद भुगतान नहीं होने से उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
उन्होंने मांग की कि चल रहे छत्तीसगढ़ विधानसभा सत्र में स्वास्थ्य मंत्री तत्काल भुगतान की घोषणा करें, जिससे जनहित में सेवाएं बहाल हो सकें। डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि फिलहाल जीवन-रक्षक सेवाएं प्रभावित नहीं हैं, लेकिन यदि सरकार ने शीघ्र निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि भुगतान होते ही स्वास्थ्य सेवाएं तुरंत पुनः शुरू कर दी जाएंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन