Ghansyam Sharma / Sat, Dec 13, 2025 / Post views : 290
11,346 प्रकरणों का निपटारा, 1.11 करोड़ रुपये का अवार्ड पारित
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर (छत्तीसगढ़) के निर्देशानुसार 13 दिसम्बर 2025 को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय, कोण्डागांव परिसर में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत का शुभारम्भ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव श्रीमती किरण चतुर्वेदी द्वारा माँ सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन कर किया गया।
नेशनल लोक अदालत के अंतर्गत जिला न्यायालय कोण्डागांव, तालुका विधिक सेवा समिति केशकाल एवं नारायणपुर तथा राजस्व न्यायालयों में कुल विभिन्न खण्डपीठों का गठन किया गया। इन खण्डपीठों के माध्यम से राजीनामा योग्य प्रकरणों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निराकरण किया गया।
आयोजित नेशनल लोक अदालत में बैंक ऋण वसूली के 1,492, बिजली बिल के 1,852, ट्रैफिक चालान के 1,644, राजस्व मामलों के 5,185 सहित विभिन्न श्रेणियों के कुल 11,346 प्रकरणों का सफलतापूर्वक निपटारा किया गया। इसके अतिरिक्त मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, चेक अनादरण (चेक बाउंस), सिविल एवं अन्य मामलों में कुल 1,11,61,502 रुपये (एक करोड़ ग्यारह लाख इकसठ हजार पाँच सौ दो रुपये) का अवार्ड पारित किया गया।
नेशनल लोक अदालत की इस उल्लेखनीय सफलता में न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण, प्रशासनिक अधिकारी एवं न्यायालयीन कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें आम नागरिकों ने लाभ लिया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पक्षकारों को काजू, जामुन एवं आंवला के पौधे भेंट किए गए।
नेशनल लोक अदालत के माध्यम से त्वरित, सुलभ एवं निःशुल्क न्याय प्रदान कर न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के भार को कम करने की दिशा में कोण्डागांव जिला न्यायालय द्वारा एक सराहनीय पहल की गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन